सोलन, 3 अक्तूबर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।
चंडीगढ़-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर हाल ही में खुले परवाणू लिंक रोड के समीप शुक्रवार को हुए हादसे में जेसीबी चालक की मलबे में दबने से मौत हो गई। हादसा लिंक रोड के समीप एक पिल्लर के पास हुआ, जहां जेसीबी मशीन से काम किया जा रहा था।
मिली जानकारी के मुताबिक काम के दौरान अचानक ऊपर की पहाड़ी दरक गई और भारी मात्रा में मिट्टी व मलबा सीधे जेसीबी मशीन पर आ गिरा। मलबे में चालक मशीन के अंदर ही फंस गया।
हादसे की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग, पुलिस, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर काफी मशक्कत के बाद चालक को मलबे से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे ईएसआई अस्पताल परवाणू ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 19 वर्षीय मनोज कुमार पुत्र राज कुमार निवासी राजगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
नायब तहसीलदार शकुंतला पटियाल ने बताया कि हादसे की सूचना मृतक के परिवार को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिवार में उसके पिता ही हैं।









