/जुब्बल पुलिस ने उद्घोषित अपराधी को किया गिरफ्तार

जुब्बल पुलिस ने उद्घोषित अपराधी को किया गिरफ्तार

शिमला 4 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

हिमाचल प्रदेश के पुलिस थाना जुब्बल के वर्ष 2018 के एक मामले में न्यायालय द्वारा उद्घोषित अपराधी घोषित किए गए अनिल कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, अनिल कुमार पुत्र तुली राम, निवासी तहसील जुब्बल, जिला शिमला को 3 अक्तूबर 2026 को पीओ सेल, उपमंडल रोहड़ू की टीम ने गिल्टाड़ी थाच से गिरफ्तार किया।

पुलिस थाना जुब्बल में दर्ज अभियोग संख्या 02/2018, दिनांक 6 जनवरी 2018 में आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 451, 427, 504 और 506 के तहत मामला दर्ज था। मामले में घर में अनधिकृत प्रवेश, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और आपराधिक धमकी से संबंधित आरोप थे।

न्यायालय के समक्ष उपस्थित न होने पर जेएमएफसी जुब्बल की अदालत ने 2 सितंबर 2026 को अनिल कुमार को उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिल्टाड़ी थाच से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है।