/अन्दरोला खड्ड में अवैध खनन पर पुलिस की कार्रवाई, दो जेसीबी और ट्रैक्टर जब्त

अन्दरोला खड्ड में अवैध खनन पर पुलिस की कार्रवाई, दो जेसीबी और ट्रैक्टर जब्त

बद्दी, 4 अक्तूबर।
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

पुलिस जिला बद्दी में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नालागढ़ पुलिस ने अन्दरोला खड्ड में कार्रवाई करते हुए दो जेसीबी मशीनों और एक ट्रैक्टर को जब्त किया है।

पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ माइनिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देशन में अवैध खनन की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में 4 अक्तूबर को पुलिस चौकी जोगों की टीम ने अन्दरोला खड्ड में दबिश दी। इस दौरान दो जेसीबी मशीनों और एक ट्रैक्टर को कथित तौर पर बिना अनुमति अवैध खनन करते हुए पाया गया।

पुलिस टीम को देखकर वाहन मौके से भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया। मौके से जेसीबी मशीन नंबर HP12P-8789 और HP12F-4844 तथा ट्रैक्टर नंबर HP12R-0281 जब्त किए गए।

पुलिस ने पूछताछ के बाद जेसीबी ऑपरेटरों की पहचान पदम सिंह निवासी रिया और भूपिन्द्र सिंह निवासी रिया, जबकि ट्रैक्टर चालक की पहचान गोविन्द राम निवासी अन्दरोला, नालागढ़ के रूप में की है।

पुलिस ने तीनों के खिलाफ पुलिस थाना नालागढ़ में माइनिंग एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया है। मामले में आगामी जांच जारी है।