बद्दी, 3 अक्तूबर,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
बद्दी पुलिस की X सेल टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भूड़ बाजार में एक किराये के कमरे से 6.01 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार टीम को सूचना मिली थी कि भूड़ बाजार स्थित दो मंजिला भवन के एक कमरे में दो व्यक्ति हेरोइन/चिट्टा बेचने का अवैध कारोबार कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नियमानुसार कमरे की तलाशी ली, जहां से 6.01 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान रोहित कुमार (39) पुत्र आशा नंद निवासी मोहटली, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा तथा सुवोध कुमार (24) पुत्र उमेश प्रसाद सिंह निवासी मगाही टोला गोपालपुर, जिला सिवान, बिहार के रूप में की है। दोनों के खिलाफ पुलिस थाना बद्दी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।








