बद्दी, 7 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा।
बद्दी के वर्धमान चौक के समीप मैदान में 22 से 24 नवंबर, 2026 तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेला-2026 की तैयारियों को लेकर बुधवार को बद्दी में उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दून के विधायक राम कुमार चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

राम कुमार चौधरी ने कहा कि रेडक्रॉस मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि पीड़ित मानवता की सेवा, जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि मेले को जन-कल्याण से जोड़ते हुए समाज के सभी वर्गों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को मेले में ग्रामीण एवं स्थानीय महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों तथा युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को प्राथमिकता के आधार पर स्टॉल उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को बाजार मिल सके और उनकी आजीविका को बढ़ावा मिले।

विधायक ने कहा कि बीबीएन औद्योगिक क्षेत्र में देश के विभिन्न राज्यों से आए लोग कार्यरत हैं, इसलिए मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिमाचली और पंजाबी संस्कृति के साथ भोजपुरी, राजस्थानी तथा अन्य राज्यों की लोक संस्कृति को भी स्थान दिया जाना चाहिए। इससे क्षेत्र में रहने वाले सभी वर्ग आयोजन से जुड़ाव महसूस करेंगे।
उन्होंने मेले के दौरान निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर आयोजित करने तथा पात्र दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध करवाने की संभावनाओं पर भी विचार करने को कहा। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए ‘चिट्टा के विरुद्ध दो कदम’ संदेश के साथ वॉकथॉन और बाइक रैली आयोजित कर एंटी-चिट्टा जागरूकता अभियान चलाने का सुझाव भी दिया।

राम कुमार चौधरी ने कहा कि मेले में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए शुद्ध पेयजल, स्वच्छता, परिवहन, पार्किंग, विद्युत, कानून व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जानी चाहिए।
बैठक में मेले के दौरान आयोजित होने वाली सांस्कृतिक गतिविधियों, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण कार्यक्रमों, विभागीय प्रदर्शनियों, खेलकूद प्रतियोगिताओं तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ मेले को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान लोगों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने विभिन्न विभागों को प्रदर्शनियां लगाने तथा आयोजन के लिए समयबद्ध समितियां गठित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने अधिकारियों को बैठक में प्राप्त सुझावों एवं प्रस्तावित रूपरेखा के अनुसार अपने-अपने दायित्वों पर तत्काल कार्रवाई शुरू करने को कहा, ताकि सभी तैयारियां समय पर पूरी की जा सकें।
बैठक में नगर निगम बद्दी के आयुक्त विवेक चंदेल, अतिरिक्त उपायुक्त सोलन दिव्यांशु सिंगल, पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान, एसडीएम नालागढ़ नरेन्द्र आलूवालिया, एसडीएम बद्दी संजीव धीमान, ट्रक ऑपरेटर यूनियन बीबीएन के अध्यक्ष विद्या रतन चौधरी सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।







