महिला सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
बरोटीवाला, 10 अक्टूबर
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
राजकीय उच्च विद्यालय सूरजपुर की 25 छात्राओं ने शनिवार को महिला एवं बाल विकास विभाग, बरोटीवाला की सुपरवाइजर सरोज शर्मा के नेतृत्व में पुलिस थाना बरोटीवाला का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
भ्रमण के दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्हें जागरूक करते हुए कहा गया कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में घबराने या चुप रहने के बजाय साहस और आत्मविश्वास के साथ पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन की मदद लेनी चाहिए। छेड़छाड़ या असुरक्षा महसूस होने की स्थिति में तुरंत सहायता मांगने के लिए भी प्रेरित किया गया।
इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित करवाने के साथ-साथ कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान करना रहा।
ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ने के साथ पुलिस और आमजन के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग भी मजबूत होता है।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि बद्दी पुलिस समाज के विभिन्न वर्गों को जागरूक करने तथा विद्यार्थियों में सुरक्षा, आत्मविश्वास और कानून के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।






