एसडीएम नरेंद्र अहलूवालिया ने किया विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन, प्रतिभा निखारने के लिए ऐसी गतिविधियों को बताया महत्वपूर्ण
नालागढ़ 12 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नालागढ़ में आयोजित जिला स्तरीय बाल मेले में जिला सोलन के लगभग 21 विद्यालयों के 325 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में उपमंडलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र अहलूवालिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

मिली जानकारी के मुताबिक इस अवसर पर एसडीएम नरेंद्र अहलूवालिया ने कहा कि बाल मेले विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नई चीजें सीखने, रचनात्मक सोच विकसित करने और आत्मविश्वास बढ़ाने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों का बौद्धिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और व्यावहारिक विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ-साथ आपसी सहयोग, अनुशासन और टीम भावना का भी विकास होता है।

विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक, वैज्ञानिक और रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से आह्वान किया कि वे बच्चों की रुचि और प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।
एसडीएम ने बाल मेले के सफल आयोजन के लिए आयोजकों, शिक्षकों और प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बाल मेले में विद्यार्थियों को तीन वर्गों—प्राइमरी (कक्षा पहली से पांचवीं), अपर प्राइमरी (कक्षा छठी से आठवीं) तथा सेकेंडरी (कक्षा नौवीं से बारहवीं)—में विभाजित कर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें फैंसी ड्रेस, भाषण, एकल गायन, समूह गायन, एकल नृत्य, समूह नृत्य, वाद-विवाद तथा विज्ञान प्रदर्शनी प्रमुख रहीं।
इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में उप शिक्षा निदेशक सोलन राजेंद्र वर्मा, पीएमश्री विद्यालयों की जिला समन्वयक मधु ठाकुर सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।





