ठियोग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 35 वर्षीय आरोपी को पकड़ा, चोरी की संपत्ति की बरामदगी के प्रयास जारी
शिमला (ठियोग) 12 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़ ब्यूरो वर्मा
हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के पुलिस थाना ठियोग के अंतर्गत कराना स्थित शीतला माता मंदिर में चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मंदिर से चांदी व सोने की वस्तुओं सहित करीब 10 हजार रुपये की नकदी चोरी होने की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस के अनुसार, 5 और 6 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि को अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर में रखी चांदी व सोने की वस्तुओं तथा नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना ठियोग में अभियोग संख्या 151/26, दिनांक 6 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजेन्द्र उर्फ बिकू (35), निवासी तहसील ठियोग, जिला शिमला को 11 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस चोरी की गई संपत्ति की बरामदगी सहित मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।





