झाड़माजरी, ओलंपिक चौक, एक्सपोर्ट चौक और दावत चौक पर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था का लिया जायजा
बद्दी 28 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर बद्दी पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात को सुचारू रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस द्वारा बाजारों, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष गश्त एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्दी संजीव भाटिया के नेतृत्व में झाड़माजरी मुख्य बाजार, ओलंपिक चौक और एक्सपोर्ट चौक सहित विभिन्न स्थानों पर एरिया डोमिनेशन एवं पेट्रोलिंग की गई।
इस दौरान पुलिस टीमों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।

वहीं, डीएसपी बद्दी योगराज ने दावत चौक पहुंचकर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क पर वाहनों की आवाजाही और यातायात के दबाव का जायजा लेते हुए पुलिस कर्मियों को जाम की स्थिति नियंत्रित करने तथा यातायात सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
त्योहारी सीजन में बाजारों और प्रमुख मार्गों पर लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने गश्त और निगरानी बढ़ाई है।
पुलिस टीमों को नियमित पेट्रोलिंग करने, यातायात व्यवस्था पर नजर रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
बद्दी पुलिस की जनता से अपील

बद्दी पुलिस ने आम जनता से यातायात नियमों का पालन करने, वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के लिए विशेष गश्त एवं चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।








