/दुकानदार से फिरौती मांगने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज

दुकानदार से फिरौती मांगने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज

हिम लैंड सिटी मार्केट में दो नकाबपोश युवकों ने दुकान पर पहुंचकर मांगी फिरौती, बद्दी पुलिस ने गठित की विशेष टीमें

बीबीएन, 4 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़ ब्यूरो वर्मा।

औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला में एक दुकानदार से फिरौती मांगने और पैसे न देने पर उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव दसोरामाजरा निवासी अभिषेक हिम लैंड सिटी मार्केट में डेनिम कपड़ों की दुकान चलाता है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ दिनों से उसे फोन पर धमकियां दी जा रही थीं और उससे फिरौती मांगी जा रही थी। पैसे नहीं देने पर उसे तथा उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।

शिकायत के मुताबिक, 2 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे जब अभिषेक दुकान से घर खाना खाने गया हुआ था, तभी दुकान पर काम करने वाले प्रकाश चंद ने उसे फोन कर बताया कि दो अज्ञात नकाबपोश युवक दुकान पर पहुंचे थे। उन्होंने अभिषेक के बारे में पूछताछ की और फिरौती की मांग करते हुए पैसे नहीं देने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत के आधार पर पुलिस थाना बरोटीवाला में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देश पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं।