राहुल गांधी चुनाव के बजाय अराजकता के जरिए सत्ता हासिल करना चाहते हैं : पूर्व मुख्यमंत्री।
शिमला, 1 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव आयोग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने से पहले मुख्यमंत्री को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए था।
उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार प्रदेश के संसाधनों का इस्तेमाल जनहित के बजाय राजनीतिक गतिविधियों और अराजकता फैलाने के लिए कर रही है।
शिमला के चौड़ा मैदान में संविधान बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देशभर में लगातार चुनावी हार का सामना कर रही कांग्रेस हताशा में मर्यादाएं भूल रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर रही है।
उन्होंने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री का सम्मान करती है और कांग्रेस को इसका जवाब चुनावों में मिलेगा।
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने के लिए गारंटियों के नाम पर जनता से वोट मांगकर सत्ता में आई और अब वही पार्टी चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री किस आधार पर वोट चोरी के आरोप लगा रहे हैं।
उनके अनुसार, प्रदेश के संसाधनों का उपयोग प्रदेश के विकास और जनता के हितों के लिए होना चाहिए, न कि राजनीतिक प्रदर्शनों के लिए।
उन्होंने कांग्रेस की चुनावी स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वर्ष 1967 से देश के विभिन्न राज्यों में कांग्रेस का जनाधार लगातार कमजोर हुआ है। उन्होंने पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात और ओडिशा का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस को जनता ने बार-बार नकारा है। ऐसे में पार्टी का वोट चोरी का आरोप लगाना समझ से परे है।
नेता प्रतिपक्ष ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे चुनावी प्रक्रिया के बजाय अराजकता के माध्यम से सत्ता हासिल करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भारत की एकता और अखंडता को कमजोर करने की कोशिशें कभी सफल नहीं होंगी। देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास रखती है और कांग्रेस की ऐसी राजनीतिक कोशिशों का कोई भविष्य नहीं है।









