आदतन नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, संजौली पुलिस ने सौरभ को निरुद्ध कर कंडा जेल भेजा
शिमला, 2 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए जिला शिमला पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। अब पुलिस केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि आदतन नशा कारोबारियों को नशे के अवैध धंधे से दूर रखने के लिए निवारक कार्रवाई भी कर रही है। इसी अभियान के तहत PIT-NDPS अधिनियम, 1988 के अंतर्गत वर्ष 2026 में अब तक 43 नशा तस्करों को निरुद्ध किया जा चुका है।

इसी कड़ी में पुलिस थाना संजौली की टीम ने सौरभ निवासी गांव मधान, तहसील ठियोग, जिला शिमला को PIT-NDPS अधिनियम की धारा 3(1) के तहत जारी निरोध आदेश के अनुपालन में निरुद्ध किया है। आरोपी के विरुद्ध NDPS अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज हैं। वर्ष 2023 में पुलिस थाना ढली में दर्ज मामले में उसके कब्जे से 7.60 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), जबकि वर्ष 2026 में पुलिस थाना संजौली में दर्ज मामले में 8.780 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी की गतिविधियों से संबंधित खुफिया सूचनाओं और रिपोर्टों के आधार पर निरोध का प्रस्ताव सक्षम प्राधिकारी को भेजा गया था। आदेश प्राप्त होने के बाद 1 नवंबर 2026 को आरोपी को निरुद्ध किया गया और उसे आदेशानुसार मॉडल सेंट्रल जेल, कंडा भेजा जा रहा है।
पुलिस के आंकड़ों के अनुसार PIT-NDPS अधिनियम के तहत वर्ष 2026 में अब तक 43, वर्ष 2025 में 3 और वर्ष 2024 में एक भी व्यक्ति को निरुद्ध नहीं किया गया था। आंकड़े दर्शाते हैं कि शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के नेटवर्क पर अंकुश लगाने के लिए गिरफ्तारी के साथ-साथ निवारक कार्रवाई की रणनीति को भी प्रभावी ढंग से लागू किया है।









