/धर्मपुर में पीएनबी के एटीएम को उखाड़कर नकदी चोरी करने का प्रयास, राजस्थान का एक आरोपी गिरफ्तार

धर्मपुर में पीएनबी के एटीएम को उखाड़कर नकदी चोरी करने का प्रयास, राजस्थान का एक आरोपी गिरफ्तार

सोलन, 3 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

सोलन जिले के धर्मपुर थाना क्षेत्र के चेवा स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एटीएम को उखाड़कर उसमें रखी नकदी चोरी करने के प्रयास के मामले में पुलिस ने राजस्थान के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को सोलन से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को पीएनबी की चेवा शाखा के सीनियर ब्रांच मैनेजर ने धर्मपुर थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 9 और 10 अक्टूबर की मध्यरात्रि को अज्ञात व्यक्तियों ने बैंक के एटीएम को उखाड़ने और उसमें रखी नकदी चोरी करने का प्रयास किया था।

इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर संख्या 177/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए धर्मपुर पुलिस थाना और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया गया।

फुटेज में दो नकाबपोश व्यक्ति औजारों के साथ एटीएम कक्ष में दाखिल होते और कैश डिस्पेंसर वॉल्ट को तोड़ने का प्रयास करते दिखाई दिए।

आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने और निगरानी व्यवस्था को प्रभावित करने के लिए सीसीटीवी कैमरों, कार्ड रीडर स्लॉट और रसीद प्रिंटर पर काला रंग पोत दिया था। हालांकि, सुरक्षा अलार्म बजने और सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय होने के कारण वे नकदी चोरी करने में सफल नहीं हो सके।

इस दौरान एटीएम मशीन और परिसर को काफी नुकसान पहुंचाया गया।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए वीरेंद्र सिंह पुनिया (43), पुत्र बनी सिंह, निवासी गांव ओऊ, डाकघर एवं तहसील डीग, जिला डीग (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामले में आगामी जांच जारी है।