रामशहर 3 नवंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामशहर, जिला सोलन के कक्षा जमा दो के विद्यार्थियों के लिए 30 और 31 अक्टूबर 2026 को दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय महत्व के स्थलों की जानकारी प्रदान करना और उनके व्यावहारिक ज्ञान में वृद्धि करना था।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने अमृतसर स्थित प्रसिद्ध श्री हरिमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) में माथा टेककर आध्यात्मिक शांति एवं सेवा भावना का अनुभव किया। इसके बाद जलियांवाला बाग पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास और वीर बलिदानियों के संघर्ष के बारे में जानकारी हासिल की।
विद्यार्थियों ने अटारी-वाघा बॉर्डर पर आयोजित बीटिंग रिट्रीट समारोह भी देखा। इस दौरान उन्होंने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों के अनुशासन, साहस, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण को करीब से महसूस किया।

इसके अतिरिक्त जालंधर स्थित हवेली में विद्यार्थियों को पंजाब की पारंपरिक संस्कृति, खान-पान और रहन-सहन को जानने का अवसर मिला। वहीं, साइंस सिटी के भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश कुमार वर्मा ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। पुस्तकीय ज्ञान के साथ ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं वैज्ञानिक स्थलों का प्रत्यक्ष अवलोकन विद्यार्थियों के ज्ञान और दृष्टिकोण को व्यापक बनाता है।
ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति, सांस्कृतिक समझ और सामाजिक मूल्यों को विकसित करने में भी सहायक होते हैं।
इस दो दिवसीय भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और जिज्ञासा के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। विद्यार्थियों का मार्गदर्शन प्रधानाचार्य मुकेश कुमार वर्मा के साथ शिक्षिका रीता चौहान, अनुपमा तथा शिक्षक विनय शर्मा ने किया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और यादगार अनुभव रहा।








