/भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी हिमाचल प्रदेश द्वारा पार्टी का 99 वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी हिमाचल प्रदेश द्वारा पार्टी का 99 वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित

नालागढ 25 दिसम्बर,
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो /वर्मा

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की हिमाचल प्रदेश इकाई की ओर से पार्टी का 99 वां स्थापना दिवस समारोह जिला सोलन के नालागढ़ में आयोजित किया गया। जिसमें भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की हरियाणा इकाई के सहायक सचिव एवं वरिष्ठ अधिवक्ता कामरेड अश्विनी बक्शी ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की।

इस अवसर पर प्रदेश के अनेक जिलों से आए प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कामरेड अश्विनी ने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी त्याग और बलिदान के स्वर्णिम इतिहास के साथ शताब्दी वर्ष में प्रवेश करने जा रही है। देश की आजादी के आंदोलन से लेकर बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में पार्टी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी मंदिर -मस्जिद में उलझाकर लोगों का ध्यान ‌महंगाई तथा बेरोजगारी जैसे वास्तविक मुद्दों से हटाकर गुमराह करने का प्रयास कर रही है। ऐसे में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की यह जिम्मेदारी है कि वो देश की जनता को सांप्रदायिकता के झांसे में ना आने के लिए जागरूक करे तथा किसानों, महिलाओं तथा छात्रों नौजवानों को उनके हितों की लड़ाई लड़ने के लिए लामबंद करें।

इस मौके पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव भाग सिंह चौधरी, पूर्व राज्य सचिव शशि पंडित, वरिष्ठ नेता कामरेड वासुदेवा वासु, पूर्व विधायक के के कौशल , राज्य सह सचिव नरेश घई तथा प्रशांत मोहन ने विचार रखें।

इस मौके पर ताउम्र पार्टी को समर्पित तथा निष्ठावान सेवाएं देने वाले वरिष्ठ साथियों को सम्मानित किया गया। जिसमें कामेश्वर पंडित, शंकर सिंह चंदेल, चेतराम, गुरदेव सिंह, रणदीप सिंह रणदीप सिंह, रला राम , जोज़फ, गुरु चरण सिंह, सिकंदर घई, राम मूर्ति के परिजनों को सम्मानित किया।

भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में सत्तासीन सुक्खू सरकार से मांग करते हुए कहा कि वह जनता के प्रति जवाब देही सुनिश्चित करें तथा प्रदेश की जनता को दी हुई गारंटीयों को पूरा करने की शुरुआत करें।

इसके अलावा मनरेगा मजदूरों को श्रमिक कल्याण बोर्ड के अंतर्गत दोबारा शामिल करे ताकि वे उससे मिलने वाले लाभ से वंचित न हो। इसके अलावा नालागढ़ वह इसके आसपास हो रहे हैं अवैध खनन पर अंकुश लगाने की मांग भी की गई।