प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के बिना नहीं संभव था यह सपना
शिमला 2 जनवरी,
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो/ वर्मा
शिलाई के विधायक रहे बलदेव तोमर ने हाटी समुदाय को एसटी का दर्जा दिये जाने की अधिसूचना जारी होने पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि छह दशक से ज़्यादा लंबी लड़ाई आज निर्णायक स्थिति में पहुंची और हमें हक़ मिला। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के हर प्रकार के सहयोग और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के आशीर्वाद के बिना असंभव थी।

कांग्रेस ने हमें हमारे हक़ से दूर रखने का हर संभव प्रयास किया। राष्ट्रपति महोदया द्वारा क़ानून पास होने के बाद भी उसे पांच महीनें तक लटकाए रखा। जिस स्पष्टीकरण की मांग को लेकर यह बिल अटकाया गया था उसका पूरा स्पष्टीकरण जयराम सरकार के समय बनाए गए ड्राफ्ट में मौजूद था। सरकार की इस लेट लतीफ़ी की वजह से हज़ारों युवाओं के भविष्य साथ खिलवाड़ हुआ। हाटी समुदाय को जनजातीय घोषित करने से इस क्षेत्र की ढाई लाख लोग लाभान्वित होंगे।

बलदेव तोमर ने कहा कि यह लड़ाई इतनी आसान नहीं थी। जो हक़ राजनीतिक रसूख़ कारण जौनसार बाबर को 56 साल पहले मिल गया था, वह हमें बीजेपी के कारण आज जाकर मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीपी नड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सभी का आभार जताते हुए कहा कि सभी के सहयोग के बिना यह लड़ाई संभव नहीं थी।











