नालागढ़ 24 मार्च,
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ में सांसद मनोज तिवारी और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गत दिवस एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने बिहार दिवस पर प्रकाश डाला और हिमाचल व बिहार के आपसी सहयोग की प्रशंसा की।
इस अवसर पर सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि बिहार दिवस के उपलक्ष्य में 22 मार्च से 30 मार्च तक बिहार के 35 नेता देश के विभिन्न राज्यों में प्रवास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान सभी राज्यों में बिहार दिवस मनाया जा रहा है। तिवारी ने बिहार के गौरवशाली इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि हिमाचल ने बिहार के लोगों को रोजगार और सम्मान देकर उनका ख्याल रखा है, जिससे दोनों राज्यों के बीच आपसी प्रेम बढ़ा है। उन्होंने बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख किया और कहा कि राज्य में एयरपोर्ट की संख्या भी बढ़ी है।
तिवारी ने बिहारवासियों से अपील की कि वे विधानसभा, लोकसभा और नगर निगम चुनावों में मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत करें। दिल्ली का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां एक नेता के दावे के बावजूद भाजपा ने सरकार बनाई, जो लोकतंत्र की ताकत को दर्शाता है। नीतीश कुमार के स्वास्थ्य पर सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि यह स्वास्थ्य से जुड़ा मुद्दा है, इसमें राजनीति नहीं है।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि बिहार दिवस 22 मार्च से लगातार मनाया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार की प्रगति की सराहना की और कहा कि बिहार ने देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल की तरक्की में बिहार के लोगों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र एशिया का सबसे बड़ा फार्मा हब बनकर उभरा है, जिसमें बिहार के मजदूरों और श्रमिकों की मेहनत शामिल है। उन्होंने कहा कि मोदी के कार्यकाल में बिहार का बजट हजारों करोड़ से बढ़कर लाखों करोड़ तक पहुंचा है, जिसका श्रेय प्रधानमंत्री को जाता है।










