जागरूकता और पुनर्वास पर जोर।
बद्दी, 3 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय बद्दी में आज सोमवार को पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान की अध्यक्षता में मासिक NCORD (Narco-Coordination Centre) बैठक आयोजित की गई।
मिली जानकारी के मुताबिक बैठक में नशा तस्करी की रोकथाम, नशा पीड़ितों की काउंसलिंग और पुनर्वास को लेकर विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में एसडीएम बद्दी डॉ. संजीव कुमार धीमान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा, उप पुलिस अधीक्षक योगराज चंदेल, सभी थाना प्रभारी तथा वन स्टॉप सेंटर और एनजीओ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान पुलिस जिला बद्दी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा की गई।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय नशा तस्करों पर कड़ी निगरानी रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क नजर बनाए रखने तथा नियमित विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही खुफिया तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने तथा प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया ।

बैठक में शिक्षण संस्थानों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने, युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा स्कूल और कॉलेज स्तर पर स्टूडेंट क्लब गठित कर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। पंचायत स्तर पर गठित नशा निवारण समितियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर उन्हें अधिक सक्रिय बनाने तथा नशा पीड़ितों की पहचान कर उन्हें नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने कहा कि पुलिस जिला बद्दी में भविष्य में भी “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाने के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सके।










