CPI(M) ने सौंपा ज्ञापन
सोलन, 3 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (CPI(M)) की सोलन लोकल कमेटी ने सोमवार को उपायुक्त सोलन के माध्यम से प्रधानमंत्री और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर E20 पेट्रोल नीति की समीक्षा, पेट्रोल की कीमतों में कमी तथा एथेनॉल-मुक्त (शुद्ध) पेट्रोल उपलब्ध कराने की मांग उठाई।

पार्टी के जिला सचिव राकेश कुमार ने कहा कि E20 पेट्रोल के उपयोग से जुड़े सभी पहलुओं का वैज्ञानिक और व्यापक मूल्यांकन किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि कि उपभोक्ताओं को उनकी जरूरत और वाहनों की तकनीकी क्षमता के अनुसार एथेनॉल-मुक्त पेट्रोल का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि एथेनॉल उत्पादन में पानी की खपत और पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभावों का स्वतंत्र एवं वैज्ञानिक अध्ययन कराया जाए, ताकि इस नीति के दीर्घकालिक प्रभावों का सही आकलन हो सके।

CPI(M) नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ रही पेट्रोल की कीमतों से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। ऐसे में सरकार को पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में कमी लाने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
पार्टी ने सरकार से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए E20 नीति की समीक्षा करने और उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेने की मांग की।










