सोलन (अर्की ) 22 अप्रैल
हिम नयन न्यूज/ब्यूरो /वर्मा
सोलन जिले के अर्की क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती का पर्दाफाश करते हुए एक नेपाली मूल के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 16 अप्रैल को थाना अर्की की पुलिस टीम द्वारा गश्त के दौरान गांव तनसेटा में की गई, जहां एक खेत से 140 अफीम के पौधे बरामद किए गए।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने इस मामले में तुरंत अभियोग दर्ज किया और जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि जिस खेत में अफीम के पौधे मिले, उसे खेत के मालिक महिंद्र सिंह ने पिछले एक साल से मूल रूप से नेपाल के देलख जिले के रहने वाले और वर्तमान में तनसेटा गांव में ही रहने वाले 46 वर्षीय अमर को ठेके पर दिया था।
अमर इस खेत में फसल उगाने का काम करता था और बरामद अफीम के पौधे भी उसी द्वारा अवैध रूप से उगाए गए थे।
पुलिस ने 21 अप्रैल को पर्याप्त सबूतों के आधार पर अमर को तनसेटा गांव से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 22 अप्रैल 2025 को अर्की की अदालत में पेश किया गया। पुलिस अमर के पूर्व अपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है ताकि उसके आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा सके।










