‘
नालागढ़ 8 अक्टूबर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल की वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. रणजोध सिंह के चर्चित लघुकथा संग्रह ‘मैली कमीज’ की हिमाचल प्रदेश के साहित्यकार एवं समीक्षक प्रदीप गुप्ता ने विस्तृत समीक्षा की है। अपने समीक्षात्मक आलेख में उन्होंने ‘मैली कमीज’ को समाज की वास्तविक तस्वीर प्रस्तुत करने वाली तथा मानवीय संवेदनाओं को गहराई से स्पर्श करने वाली महत्वपूर्ण साहित्यिक कृति बताया है।
समीक्षा में कहा गया है कि ‘मैली कमीज’ की लघुकथाएं हमारे आसपास के जीवन, सामाजिक विसंगतियों, रिश्तों की बदलती परिभाषाओं और मानवीय मूल्यों में आ रहे बदलावों को बेहद सहज और प्रभावशाली ढंग से सामने रखती हैं।
लेखक ने छोटी-छोटी घटनाओं और पात्रों के माध्यम से समाज के उन पहलुओं को उकेरा है, जिन पर अक्सर हमारी नजर नहीं जाती।
प्रदीप गुप्ता के अनुसार, संग्रह की रचनाएं पाठक को केवल कहानी पढ़ने तक सीमित नहीं रखतीं, बल्कि उसे आत्ममंथन करने और अपने आसपास के सामाजिक परिवेश को नए दृष्टिकोण से देखने के लिए प्रेरित करती हैं। यही इस लघुकथा संग्रह की सबसे बड़ी विशेषता है।
‘मैली कमीज’ का शीर्षक भी अपने आप में गहरी सामाजिक अर्थवत्ता समेटे हुए है। साधारण जीवन की प्रतीत होने वाली परिस्थितियों के पीछे छिपी जटिल संवेदनाओं, संघर्षों और सामाजिक सच्चाइयों को लेखक ने लघुकथा के संक्षिप्त कलेवर में प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया है।
प्रो. रणजोध सिंह लंबे समय से साहित्य के क्षेत्र में सक्रिय हैं और कविता, कहानी तथा लघुकथा के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके हैं। ‘मैली कमीज’ उनके साहित्यिक अनुभव, सामाजिक दृष्टि और संवेदनशील रचनात्मकता का परिचायक है।
साहित्य प्रेमियों और पाठकों के बीच इस समीक्षा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह कृति समाज की विडंबनाओं, संवेदनाओं और बदलते मानवीय संबंधों को शब्द देने के साथ-साथ पाठक को सोचने पर मजबूर करती है।









