/स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में नागरिकों की सहभागिता अनिवार्य-सोनाक्षी सिंह तोमर

स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में नागरिकों की सहभागिता अनिवार्य-सोनाक्षी सिंह तोमर


नालागढ़ 8 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा

बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण (बी.बी.एन.डी.ए.) की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं नगर निगम बद्दी की आयुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर ने आग्रह किया है कि 15 अगस्त, 2025 को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर उपमण्डल स्तर तथा विभिन्न औद्योगिक संगठनों द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं कचरे के पृथकीकरण के सम्बन्ध में विशेष जानकारी प्रदान की जाए।


उन्होंने आयोजकों से आग्रह किया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में नुक्कड़ नाटक एवं अन्य जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र को स्वच्छ बनाने के लिए आमजन का सहयोग अनिवार्य है।


मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने क्षेत्र के सभी नागरिकों एवं प्रवासी श्रमिकों से भी अपील की है कि कूड़ा एकत्रित कर केवल कूड़ा संग्रहण वाहन में पहुंचाएं ताकि क्षेत्र को साफ-सुथरा रखा जा सके।

उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में घर-घर कूड़ा संग्रहण वाहन समय पर नहीं पहुंच रहा है तो इसकी जानकारी बीबीएनडीए, नगर निगम बद्दी या स्वच्छता हेल्पलाइन के माध्यम से तुरंत दें।


उन्होंने कहा कि स्वच्छता में सरकार और प्रत्येक नागरिक की सहभागिता समान रूप से आवश्यक है।

उन्होंने शहर के सभी व्यापारियों से विशेष अनुरोध किया कि सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के प्रयोग से बचें और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकें।


सोनाक्षी सिंह तोमर ने आशा जताई कि सभी के सहयोग से न केवल बीबीएन क्षेत्र को प्लास्टिक एवं कचरा मुक्त बनाया जाएगा अपितु स्वच्छता और प्राकृतिक सुंदरता की दिशा में उच्च मानक भी स्थापित किए जाएंगे।