बरोटीवाला, 11 सितम्बर
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
यातायात पुलिस बरोटीवाला ने गुरुवार को एक्सपोर्ट चौक पर नाका बंदी व ट्रैफिक चेकिंग के दौरान दो मोटरसाइकिल चालकों को पकड़ा। एक चालक बिना नंबर प्लेट वाहन चला रहा था, जबकि दूसरे ने नंबर प्लेट पर काली टेप लगाकर नंबर छिपा रखा था। दोनों चालक नशे की हालत में पाए गए।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के अंतर्गत ज़ब्त कर लिया।
बद्दी पुलिस प्रशासन ने कहा है कि यातायात नियमों की अवहेलना और नशे की हालत में वाहन चलाना गंभीर अपराध है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस ने आम जनता से सुरक्षित और जिम्मेदार ढंग से वाहन चलाने की अपील की है।










