/बद्दी–नालागढ़ सड़क की खस्ताहाल स्थिति पर अधिवक्ताओं का रोष

बद्दी–नालागढ़ सड़क की खस्ताहाल स्थिति पर अधिवक्ताओं का रोष

तीन दिनों में सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो होगा धरना प्रदर्शन।

नालागढ़, 23 सितंबर,
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो/ वर्मा।

औद्योगिक नगरी बीबीएन के बद्दी से नालागढ़ न्यायालय तक आने-जाने वाले अधिवक्ताओं ने बद्दी–नालागढ़ सड़क की जर्जर हालत पर कड़ा रोष प्रकट किया है।

अधिवक्ताओं ने आज इस संबंध में एसडीएम नालागढ़ को ज्ञापन सौंपते हुए सड़क की स्थिति को “बेहद खतरनाक और असुरक्षित” करार दिया।

अधिवक्ताओं का कहना है कि सड़क गहरे गड्ढों, उखड़ी सतह और टूटे हिस्सों से भरी पड़ी है, जिससे प्रतिदिन आवागमन न केवल कठिन हो गया है बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।

खराब सड़कों के कारण वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और लोगों को मानसिक व शारीरिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।

उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत शुरू नहीं की गई तो वे शांतिपूर्ण धरना देंगे और जरूरत पड़ने पर सड़क पर वाहनों का आवागमन रोकने को भी मजबूर होंगे।

ज्ञापन पर अधिवक्ता दरबारा सिंह, विशाल शर्मा, विवेक कौशल, अंकित सूद, मनोज बंसल, गौरव ठाकुर, सनौबर अली, अमित कुमार, कविंदर सिंगला, हरपाल सिंह, नील कमल और अन्य अधिवक्ताओं के हस्ताक्षर हैं।