नालागढ़ , 27 सितम्बर ,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन–2025 की तैयारियों के तहत नालागढ़ विकास खंड की 72 ग्राम पंचायतों के वार्डों की आरक्षण सूची जारी कर दी गई है। यह अधिसूचना खंड विकास अधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफिसर (पंचायत) नालागढ़, नियोल धैर्य शर्मा द्वारा जारी की गई।
राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों की अनुपालना में जारी इस सूची में विभिन्न वार्डों को अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), महिला और अनारक्षित श्रेणियों में बांटा गया है।

उदाहरण स्वरूप, बधोखरी पंचायत का वार्ड महिला के लिए आरक्षित किया गया है, जबकि पन्दल वार्ड अनारक्षित रखा गया है। इसी प्रकार बहेड़ी पंचायत के जगलोग वार्ड को एससी (भूतपूर्व सैनिक) श्रेणी में, और बलहेड वार्ड को महिला श्रेणी में आरक्षित किया गया है। कई वार्ड जैसे गुनाहकला और भासरा अनारक्षित रखे गए हैं।

अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि यह आरक्षण राज्य सरकार की अधिसूचना दिनांक 14 अगस्त 2025 तथा उपायुक्त सोलन के कार्यालय पत्र दिनांक 8 सितम्बर 2025 के दिशा-निर्देशों के अनुरूप है।
इस आरक्षण सूची के प्रकाशन के साथ ही अब खंड में आगामी पंचायत चुनावों की अधिसूचना जारी होने की तैयारी पूरी हो गई है।








