/नालागढ़ हुआ भक्तिमय

नालागढ़ हुआ भक्तिमय

खेड़ा में चल रही साध्वी रितंभरा की श्रीराम कथा में उमड़ा श्रद्धा का सागर

नालागढ़ 26 अक्टूबर,
हिम नयन न्यूज/ब्यूरो/ वर्मा

औद्योगिक नगरी बीबीएन क्षेत्र का माहौल इन दिनों भक्ति रस में सराबोर हो गया है।

नालागढ़ उपमंडल के खेड़ा गांव में 24 अक्टूबर से प्रारंभ हुई साध्वी रितंभरा जी महाराज की श्रीराम कथा ने पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और सनातन संस्कृति के प्रति नई चेतना का संचार किया है।

कथा का आयोजन 30 अक्टूबर तक चलेगा, जिसके अंतिम दिन विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।

साध्वी रितंभरा जी अपने ओजस्वी प्रवचनों में श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा पुरुषोत्तम जीवन दर्शन और सनातन धर्म के वैज्ञानिक महत्व पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाल रही हैं।

उनके शब्दों से प्रेरित होकर श्रोताओं में धर्म, सेवा और संस्कारों के प्रति नई भावना जागृत हो रही है। उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं से सनातन संस्कृति को अपनाने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनने का आह्वान किया।

इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। महिलाओं, बुजुर्गों, और समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों की भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिल रही है।

बद्दी, खेड़ा और नालागढ़ के बीच श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निशुल्क बस सेवाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे अधिकाधिक भक्त कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं।

तीसरे दिन भी कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। वातावरण में भजन, कीर्तन और जय श्रीराम के जयघोष गूंज रहे हैं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है।

कथा के समापन दिवस पर आयोजित होने वाले विशाल भंडारे की तैयारियां भी युद्धस्तर पर चल रही हैं।

आयोजकों ने बताया कि कथा का उद्देश्य न केवल धार्मिक भावना का संचार करना है, बल्कि समाज में सेवा, एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त बनाना भी है।

इस सात दिवसीय श्रीराम कथा के माध्यम से नालागढ़ और बीबीएन क्षेत्र में सनातन संस्कृति की लौ एक बार फिर प्रज्वलित हो उठी है।