/अब घर नहीं आएंगे बिजली के बिल, मोबाइल ऐप या वेबसाइट से ही करें डाउनलोड

अब घर नहीं आएंगे बिजली के बिल, मोबाइल ऐप या वेबसाइट से ही करें डाउनलोड

मीटर रीडिंग में लगे युवाओं के रोजगार पर लगा सवालिया निशान

नालागढ़ (बद्दी) 7 नवंबर ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड लिमिटेड से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब सभी विद्युत उपभोक्ताओं को बिजली के बिल की कागज़ी प्रति घर पर उपलब्ध नहीं करवाई जाएगी।मीटर रीडिंग में लगे युवाओं के रोजगार पर लगा सवालिया निशान उठने लगे है अभी सरकार ने इन के भविष्य पर कोई निर्णय नहीं लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक़ उपभोक्ताओं को अब बिजली बिल की जानकारी उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भेजी जाएगी।

उपभोक्ता अपने बिजली बिल हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड की मोबाइल ऐप या वेबसाइट पर देखकर डाउनलोड कर सकेंगे।

यह जानकारी विद्युत बोर्ड लिमिटेड के वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता बद्दी द्वारा दी गई।

उन्होंने बताया कि यह निर्णय हिमाचल प्रदेश विद्युत विनियामक आयोग द्वारा जारी हिमाचल प्रदेश विद्युत आपूर्ति संहिता, 2025 के छठे संशोधन के अनुरूप लिया गया है। अब बिजली के बिल स्मार्ट मीटरों के माध्यम से स्वतः तैयार किए जा रहे हैं।

वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर को अपडेट करवाएं, ताकि उन्हें समय पर बिजली बिल की सूचना प्राप्त हो सके। इसके लिए उपभोक्ता अपने नज़दीकी विद्युत उपमंडल कार्यालय में जाकर मोबाइल नंबर अपडेट करा सकते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि उपभोक्ता अपनी सुविधा अनुसार ऑनलाइन या ऑफलाइन किसी भी माध्यम से बिजली बिल का भुगतान कर सकते हैं। साथ ही, उन्होंने उपभोक्ताओं से अपने पुराने बकाया बिलों की जांच करने और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने का आग्रह किया।