नालागढ़, 2 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
पुलिस जिला बद्दी की स्पेशल सेल-एक्स ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना नालागढ़ क्षेत्र के गांव भटोली से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
इस बात की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि 30 जून 2026 को स्पेशल सेल-एक्स की टीम ने गांव भटोली निवासी सतीश कुमार के घर और उसकी महिंद्रा थार (HP12P-8119) की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन की डिग्गी से एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, 7.65 एमएम के 9 जिंदा कारतूस तथा 8 एमएम के 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान आरोपी इन हथियारों और कारतूसों के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध थाना नालागढ़ में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब बरामद अवैध हथियारों के स्रोत, उनके संभावित उपयोग और किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता सहित मामले के विभिन्न पहलुओं की गहन जांच कर रही है।










