सोलन 2 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत जिला पुलिस सोलन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक एनडीपीएस मामले की व्यापक वित्तीय जांच में ₹68.16 लाख की संदिग्ध अवैध धनराशि फ्रीज की है। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई नशा तस्करी से अर्जित अवैध आय (ड्रग प्रोसीड्स) के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के अध्याय V-A के तहत की गई।
मामला 12 अप्रैल 2026 को परवाणू थाना में दर्ज हुआ था, जब मोग्लिक्स होटल के पास एक कार से 11.45 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और 3.56 ग्राम मेथामफेटामाइन बरामद कर दो आरोपियों पंकज राज और सिद्धांत गुप्ता को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान मुख्य सप्लायर अमन कुमार को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस की वित्तीय जांच में आरोपियों के बैंक खातों, डिजिटल लेन-देन और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड का विश्लेषण किया गया। जांच में पंकज राज के खातों में ₹67.55 लाख तथा अमन कुमार के खाते में ₹60,938 की संदिग्ध राशि मिली। दोनों के खातों में कुल ₹68,16,521.19 की राशि को प्रथम दृष्टया नशा तस्करी से अर्जित अवैध आय मानते हुए फ्रीज कर दिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों के संबंध हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ तथा हिमाचल प्रदेश के सोलन और शिमला में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों, बैंक खातों और निवेशों के विरुद्ध सख्त वित्तीय कार्रवाई जारी रहेगी।










