— रोटरी क्लब ऑफ बॉम्बे वरली, डिस्ट्रिक्ट 3141 की पहल पर यह सर्जरी मुंबई के एसआरसीसी अस्पताल में पूर्णतः निःशुल्क
मुंबई, 9 नवम्बर ,
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो
मुंबई के परेल स्थित केईएम अस्पताल में लकवे (Paralysis) और ब्रेन ट्यूमर के मरीजों के इलाज के लिए भारत की पहली ऑटोमैटिक न्यूरो इंटरवेंशन मशीन शुरू की गई है। इस अत्याधुनिक तकनीक की मदद से लकवे के मरीजों का इलाज 24 घंटे के भीतर किया जा सकता है और मरीज कुछ ही घंटों में स्वस्थ हो सकता है।
अस्पताल के न्यूरोसर्जन डॉ. नितिन डांगे, जो इस तकनीक के संचालन में विश्वप्रसिद्ध विशेषज्ञ हैं, ने बताया कि यह मशीन एंजियोप्लास्टी की तरह दिमाग की नसों में अवरोध हटाकर उपचार करती है। इस तकनीक का उपयोग फिलहाल दुनिया के कुछ ही चुनिंदा देशों में किया जा रहा है।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) द्वारा इस उन्नत मशीन का औपचारिक उद्घाटन किया गया है। यह कदम न्यूरो-विज्ञान और त्वरित उपचार सेवाओं के क्षेत्र में भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।
इसी के साथ एक और बड़ी पहल के तहत, जन्म से बधिर और मूक (deaf and dumb) बच्चों के लिए अब कोक्लियर इम्प्लांट सर्जरी के माध्यम से सुनने और बोलने की क्षमता वापस लाना संभव हो गया है।
आमतौर पर यह सर्जरी 10 से 12 लाख रुपये की लागत से होती है, लेकिन अब रोटरी क्लब ऑफ बॉम्बे वरली, डिस्ट्रिक्ट 3141 की पहल पर यह सर्जरी मुंबई के एसआरसीसी अस्पताल में पूर्णतः निःशुल्क करवाई जा रही है।
जरूरतमंद परिवार इस सुविधा का लाभ लेने के लिए संपर्क कर सकते हैं:
📞 रोटरी क्लब ऑफ बॉम्बे वरली
डीजी रोटेरियन राजेंद्र अग्रवाल — 9820085149
यह पहल उन सभी जरूरतमंद मरीजों और परिवारों के लिए एक आशा की किरण है जो आर्थिक कारणों से आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं।







