— नशे से दूर रहने और साइबर सुरक्षा पर दी अहम जानकारी
बद्दी, 11 नवम्बर ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
औद्योगिक नगरी के थाना बद्दी की टीम द्वारा आज सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बद्दी, जिला सोलन में “ड्रग्स दुरुपयोग (Drug Abuse) एवं साइबर सुरक्षा (Cyber Security)” विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक़ कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी और नशे से दूर रहने के उपायों पर चर्चा की।

अधिकारियों ने बताया कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और पारिवारिक जीवन को बुरी तरह प्रभावित करती है, इसलिए युवाओं को इससे दूर रहना चाहिए।
साथ ही, विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने ऑनलाइन ठगी से बचने, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, मजबूत पासवर्ड बनाने और डिजिटल लेन-देन के दौरान सावधानी बरतने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया और कई प्रश्न पूछे जिनका पुलिस अधिकारियों ने विस्तार से उत्तर दिया। विद्यालय प्रबंधन ने थाना बद्दी की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान युवाओं को सही दिशा में प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।








