चोरी के 50 सिलेंडर बरामद
सोलन, 17 नवम्बर।
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ कमल चौहान
सोलन के चंबाघाट बाईपास पर शिवालिक बायोमेटल कंपनी के समीप खड़े एक पिकअप वाहन से गैस सिलेंडरों की बड़ी चोरी का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। देयोठी निवासी पवन कुमार, जो भारत गैस से LPG सिलेंडरों की आपूर्ति का कार्य करता है, ने पुलिस को बताया कि उसके पिकअप वाहन में रखे 18 भरे हुए और 32 खाली सिलेंडर 15 नवम्बर की सुबह चोरी हो गए थे।

पिकअप और एक टेम्पो के माध्यम से गैस वितरण का कार्य किया जाता था और 14 नवम्बर को चालक अजय द्वारा खाली सिलेंडर पिकअप में रखे गए थे। अगले दिन पिकअप के पास पहुंचने पर सभी 50 सिलेंडर गायब मिले।
शिकायत मिलते ही पुलिस थाना सदर सोलन ने मामले की जांच तेज गति से शुरू की। शहर, घटनास्थल और संभावित मार्गों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया तथा तकनीकी साक्ष्यों की मदद से वारदात में प्रयोग हुई बिना नंबर प्लेट वाली पिकअप को ट्रैक किया गया। यह वाहन चंडीमंदिर टोल प्लाजा में CCTV कैमरों में दिखाई दी।
CCTV और तकनीकी ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस ने मामले में शामिल आरोपी गुरजंट सिंह (पुत्र कर्मवीर सिंह, निवासी लालडू, जिला मोहाली, पंजाब, उम्र 22 वर्ष) को लालडू (पंजाब) से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी हुए सभी गैस सिलेंडर बरामद कर लिए हैं तथा वारदात में प्रयुक्त पिकअप को भी कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार व्यक्ति को 17 नवम्बर को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले की आगे जांच जारी है।










