नालागढ़ में दिल दहला देने वाला हादसा
नालागढ़, 21 नवंबर ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
औद्योगिक नगरी बीबीएन के थाना नालागढ़ के गांव मंझौली में गुरुवार सुबह एक दिल को झकझोर देने वाला हादसा हुआ। पैदल जा रहे 32 वर्षीय अजय कुमार की तेज़ रफ्तार टैंकर की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई।
अचानक हुए इस हादसे ने परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है।
अजय कुमार, पुत्र श्री मदन लाल, रोजमर्रा की तरह घर से पैदल जा रहा था। किसी को अंदेशा भी नहीं था कि यह उसका अंतिम सफर होगा। तभी पीछे से आ रहा तेल का टैंकर (नं. HP34E-6065) तेज रफ्तार में ओवरटेक करते हुए अचानक गलत दिशा में मुड़ा और उसने अजय को जोरदार टक्कर मार दी।
देखते ही देखते वह सड़क किनारे जा गिरा, नाक-मुंह से खून बहने लगा और लोग मदद के लिए भागते रह गए।
ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नालागढ़ पहुंचाया, परंतु डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार को जब यह खबर मिली, तो घर में रोना-पीटना मच गया।
माता-पिता और परिजनों का हाल बेहाल है। गांव में हर कोई इस युवा की असामयिक मौत से व्यथित है।
टैंकर चालक की पहचान वरुण कुमार, निवासी सुधेर (जिला कांगड़ा) के रूप में हुई है। पुलिस ने चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
अजय की मृत्यु ने फिर एक बार यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सड़क पर लापरवाही का खामियाजा हमेशा कोई मासूम परिवार क्यों भुगतता है?
समाज में इस हादसे को लेकर गहरा शोक व्याप्त है। लोग यही कामना कर रहे हैं कि ईश्वर शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति दे।









