/नालागढ़ अस्पताल में मरीजों से अतिरिक्त शुल्क वसूली पर उठे सवाल।

नालागढ़ अस्पताल में मरीजों से अतिरिक्त शुल्क वसूली पर उठे सवाल।

लोगों ने व्यवस्था पर जताई नाराजगी।

नालागढ़, 24 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

नालागढ़ अस्पताल में दवाओं की कमी के बीच आंख (आई ओपीडी) और दंत रोगियों से रोगी कल्याण समिति के नाम पर 20-20 रुपये अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने को लेकर लोगों में नाराजगी है।

मरीजों ने हिम नयन न्यूज़ को बताया कि पहले से ही पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) के लिए सरकार द्वारा 10 रुपये प्रति पर्ची लिए जाते हैं, इसके बावजूद नालागढ़ अस्पताल में अतिरिक्त शुल्क लिया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस शुल्क से वरिष्ठ नागरिकों को भी कोई राहत नहीं दी जा रही है। लोगों की माने तो अस्पताल वाहन ले कर आने वाले मरीजों से पार्किंग शुल्क भी लिया जाता है, जबकि अस्पताल में सरकार की और से आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हैं और अधिकांश मरीजों को दवाइयां बाहर से खरीदनी पड़ रही हैं।

इस संबंध में हिम नयन न्यूज़ द्वारा खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कविराज नेगी से बात की तो उन्होंने बताया कि आई ओपीडी में आउटसोर्स कर्मचारी की व्यवस्था किए जाने के कारण रोगी कल्याण समिति द्वारा 20 रुपये अतिरिक्त शुल्क लिया जा रहा है।जब की दांत चिकित्सा का शुल्क पहले से सरकार की हिदायत के मुताबिक 20/ रुपए पर्ची के 10/रुपयों के अतिरिक्त वसूला जा रहा है।

लोगों का कहना है कि एक ओर मरीजों से पर्ची शुल्क, पार्किंग शुल्क और आउटसोर्स कर्मचारी के नाम पर अतिरिक्त राशि ली जा रही है, वहीं दूसरी ओर अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता बेहद सीमित है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने क्षेत्र के विधायक हरदीप सिंह बावा से इस व्यवस्था की समीक्षा कर मरीजों पर पड़ रहे अतिरिक्त आर्थिक भार को समाप्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो इसका राजनीतिक असर भी देखने को मिल सकता है।

गौरतलब है कि लोगों के अनुसार अस्पताल में ईएनटी (नाक, कान एवं गला) विशेषज्ञ चिकित्सक महीने में केवल एक दिन ही उपलब्ध होते हैं, जिससे मरीजों को उपचार के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस मुद्दे पर भी लोगों ने सरकार से स्थायी समाधान की मांग की है।