सोलन (धर्मपुर)14 दिसम्बर
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
सोलन जिले में कार्यरत संस्था सूत्रा परिसर में धर्मपुर व पट्टा ब्लॉक के महिला मंडलों की त्रैमासिक बैठक का आयोजन हट दिवस किया गया ।
बैठक में 10 महिला मंडलों की 38 सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता श्रीमती निर्मल चंदेल (एडमिनिस्ट्रेटर कम कोऑर्डिनेटर) तथा रीमा (एसोसिएट प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर) एवं श्रीमती सोमा (धर्मपुर कार्यकर्ता) ने संयुक्त रूप से की।

बैठक के दौरान महिला मंडलों ने क्षेत्र में बढ़ती सामाजिक समस्याओं पर गहन चर्चा की। चर्चा के प्रमुख विषयों में घरेलू हिंसा के बढ़ते मामले, दिन-प्रतिदिन बढ़ती बीमारियाँ, नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, तथा महिलाओं के हित में बने कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और उनके लाभ शामिल रहे।
इन समस्याओं के समाधान को लेकर महिला मंडलों ने आगामी कार्ययोजना भी तैयार की। निर्णय लिया गया कि महिला मंडल रैलियों के माध्यम से जनजागरूकता फैलाएंगे तथा समुदाय को जागरूक करने के लिए जनसूचना गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, ताकि सामाजिक कुरीतियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
इसके साथ ही बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि महिला मंडल आने वाले चुनावों में सक्रिय भागीदारी करेंगे, जिससे महिलाओं की भूमिका को सशक्त किया जा सके और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सहभागिता बढ़े।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई और महिलाओं ने सामाजिक सुधार की दिशा में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।









