/कांग्रेस सरकार नाकारा, मंत्री-मुख्यमंत्री खुद सड़कों पर धरना दे रहे हैं – डॉ. राजीव बिंदल

कांग्रेस सरकार नाकारा, मंत्री-मुख्यमंत्री खुद सड़कों पर धरना दे रहे हैं – डॉ. राजीव बिंदल

शिमला 31 जनवरी,
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो/वर्मा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने जनसंपर्क अभियान के दौरान प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पूरी तरह नाकारा और दिशाहीन हो चुकी है।

हालात यह हैं कि मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और मंत्री स्वयं सड़कों पर धरना दे रहे हैं, जो सरकार की प्रशासनिक विफलता का प्रमाण है।


डॉ. बिंदल ने कहा कि सरकार का सड़क पर उतरना दर्शाता है कि वह शासन चलाने में असमर्थ है। कांग्रेस जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय धरना-प्रदर्शन की नौटंकी कर रही है और अपनी नाकामियों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।


उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीणों को लाभ पहुंचाने वाली वीबी-जीराम योजना को रोककर कांग्रेस सरकार ने ग्रामीण जनता के अधिकार छीने हैं।

यह योजना गरीब, मजदूर और बेरोजगार परिवारों के लिए महत्वपूर्ण थी, जिसमें 125 दिनों के रोजगार का वादा किया गया था, लेकिन सरकार इस वादे को पूरा करने में विफल रही है।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और ठप पड़े विकास कार्यों से परेशान है, जबकि कांग्रेस सरकार प्रदर्शन की राजनीति में व्यस्त है। उन्होंने कांग्रेस से धरना-प्रदर्शन बंद कर ग्रामीण विकास योजनाओं को लागू करने की मांग की।


डॉ. बिंदल ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेशभर में कांग्रेस सरकार की विफलताओं को उजागर करती रहेगी और ग्रामीणों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता कांग्रेस की नीतियों को समझ चुकी है और समय आने पर उचित जवाब देगी।