/नालागढ़ में अवैध खनन व प्रदूषण रोकने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक

नालागढ़ में अवैध खनन व प्रदूषण रोकने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक

स्थानीय विधायक हरदीप सिंह बाबा ने की बैठक की अध्यक्षता

नालागढ़ 1 फ़रवरी,
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो /वर्मा।

हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में अवैध खनन, वायु व जल प्रदूषण तथा पर्यावरण को हो रहे नुकसान को रोकने के उद्देश्य से गत दिवस एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता स्थानीय विधायक हरदीप सिंह बाबा ने नालागढ़ उपमंडलाधिकारी कार्यालय में की।

देरी से मिली सूचना के मुताबिक बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ उनके अधिकार क्षेत्र में चल रही खनन गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

विधायक ने अधिकारियों को कड़े आदेश दिये कि प्राधिकृत खनन क्षेत्रों का स्पष्ट डिमार्केशन पट्टा मालिकों से करवाया जाए तथा शीघ्र बाउंड्री कवर सुनिश्चित किया जाए, ताकि अवैध खनन पर प्रभावी रोक लग सके।

उन्होंने खनन क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने, मशीनरी का उपयोग केवल प्रातः 8 बजे से सायं 6 बजे तक सीमित रखने तथा नदी तल में खनन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। सभी क्रशर मालिकों को क्रशर स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए गए।

लोक निर्माण विभाग व जल शक्ति विभाग को निर्देश दिए गए कि खनन क्षेत्रों के समीप स्थित बोरवेल, पुल या अन्य संरचनाओं की जानकारी 15 दिनों के भीतर उपमंडलाधिकारी नालागढ़ को उपलब्ध करवाई जाए।

आवश्यकता पड़ने पर सार्वजनिक संपत्तियों व पर्यावरण की सुरक्षा के लिए खनन में कटौती की जाएगी।

विधायक ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत हंडूर संस्था व हिम परिवेश संस्था के योगदान की सराहना की गई।


उपमंडलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र अहलूवालिया ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी व सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।