सोलन 02 फरवरी ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/कमल चौहान
सोलन जिले के गांव शनोगी से पुलिस चौकी कुठाड़ में गत दिवस सूचना मिली कि चतर सिंह की पत्नी सुमन ने उस पर चाकू से हमला किया है और खुद को कमरे में बंद कर लिया है।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां जांच के दौरान सुमन अपने कमरे में खून से लथपथ मृत अवस्था में पाई गई, जिसके गले व शरीर पर तेजधार हथियार से लगे घाव थे।
मौके पर मौजूद पूजा देवी के बयान के अनुसार सुमन और उसके पति चतर सिंह के बीच झगड़ा हुआ था। बाद में सुमन कमरे में मृत मिली।
प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई गई, जिस पर अभियोग संख्या 12/2026, दिनांक 01-02-2026, धारा 103 BNS के तहत पुलिस थाना कसौली में मामला दर्ज किया गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक टीम से घटनास्थल व शव का निरीक्षण करवाया गया। मौके से वारदात में प्रयुक्त एक चाकू और एक कैंची को पुलिस ने कब्जे में लिया। घटनास्थल का निरीक्षण उपमंडल पुलिस अधिकारी परवाणू द्वारा भी किया गया।
मृतका के शव को कब्जे में लेकर IGMC शिमला में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

जांच के दौरान गवाहों से पूछताछ के बाद यह सामने आया कि हत्या पति चतर सिंह द्वारा की गई है। पुलिस ने आरोपी चतर सिंह (43 वर्ष), निवासी गांव शनोगी, डाकघर मलेरा, तहसील कसौली, जिला सोलन को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में आगे की जांच जारी है।










