पहाड़ों में ठंड तो मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर का असर
शिमला 4 फरवरी,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिज़ाज बदला हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई जिलों में ठंड बढ़ गई है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
शिमला, कुल्लू, किन्नौर व लाहौल-स्पीति में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में गिरावट से ठंड का असर तेज हुआ है।

मंडी, चंबा और सोलन जिलों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ ठंड बढ़ी है। सुबह और रात के समय मौसम अधिक सर्द बना हुआ है।
कांगड़ा, हमीरपुर, ऊना और सिरमौर जैसे मैदानी जिलों में सुबह और देर रात शीतलहर का असर देखा जा रहा है। दिन के समय धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है, लेकिन ठंड बरकरार है।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने तथा पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा में सावधानी बरतने की सलाह दी है।








