/सबसे आधुनिक, तेज और भरोसेमंद बनेगी हिमाचल पुलिस – मुख्यमंत्री

सबसे आधुनिक, तेज और भरोसेमंद बनेगी हिमाचल पुलिस – मुख्यमंत्री

1253 कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र, दो माह में 800 और भर्ती

शिमला, 4 फरवरी ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिला के पुलिस कॉलेज डरोह में आयोजित ‘रोजगार संकल्प मेले’ के दौरान 1253 नवनियुक्त पुलिस कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से करवाई गई है और आगामी दो महीनों में 800 और कांस्टेबलों की भर्ती की जाएगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस देश की सबसे आधुनिक, तेज और भरोसेमंद पुलिस फोर्स में शामिल है। ईआरएसएस-112 सेवा के औसत प्रतिक्रिया समय में हिमाचल पुलिस देश में पहले स्थान पर है, जबकि सीसीटीएनएस में पहाड़ी राज्यों में लगातार प्रथम और आईटीएसएसओ में देशभर में पांचवें स्थान पर है।


उन्होंने कहा कि पुलिस वर्दी की गुणवत्ता सुधारने और यूनिफॉर्म ग्रांट बढ़ाने पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। साथ ही भूतपूर्व सैनिकों को 10 वर्ष बाद ऑनरेरी हेड कांस्टेबल और 15 वर्ष बाद ऑनरेरी एएसआई बनाने की घोषणा भी की गई।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने चिट्टा माफिया के खिलाफ अभियान तेज किया है। वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट के तहत 2149 मामले दर्ज हुए, जो पिछले वर्ष से करीब 25 प्रतिशत अधिक हैं।

चिट्टे के खिलाफ जन-जागरूकता के लिए एंटी-चिट्टा अवेयरनेस वॉकथॉन आयोजित किए जा रहे हैं और इस मामले में संलिप्त 12 पुलिस कर्मियों को बर्खास्त किया जा चुका है।


कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नशे के विरुद्ध शपथ भी दिलाई तथा पुलिस विभाग ने बचाव तकनीकों का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।