/पेंशनर एवं सीनियर सिटीजन संघ की मासिक बैठक सम्पन्न।

पेंशनर एवं सीनियर सिटीजन संघ की मासिक बैठक सम्पन्न।

सरकार से उठाईं कई मांगें

नालागढ़, 5 फरवरी ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ पेंशनर एवं सीनियर सिटीजन संघ की मासिक बैठक आज प्रधान नरेश घई की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

मिली जानकारी के मुताबिक बैठक की शुरुआत में संघ ने सरकार का आभार व्यक्त किया कि 70 वर्ष से अधिक आयु वाले पेंशनरों को उनका पूरा एरियर जारी कर दिया गया है।

हालांकि बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर पेंशनरों में रोष भी देखने को मिला। संघ सदस्यों ने कहा कि वर्षों बीत जाने के बावजूद मेडिकल बिलों का भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिसे जल्द से जल्द जारी किया जाए। साथ ही बाकी पेंशनरों का लंबित एरियर भी शीघ्र अदा करने की मांग उठाई गई।

संघ ने सरकार से आग्रह किया कि जब भी डीए (महंगाई भत्ता) की घोषणा की जाए, उसी समय निगमों और विभिन्न बोर्डों के कर्मचारियों के लिए भी एक साथ घोषणा की जाए तथा बकाया 13% डीए का भुगतान एकमुश्त जारी किया जाए।

बैठक में स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने कहा कि नालागढ़ सरकारी अस्पताल में स्टाफ की भारी कमी के कारण पेंशनरों और वरिष्ठ नागरिकों को उपचार में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा नालागढ़ क्षेत्र की नदियों में हो रहे अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग भी उठाई गई।

संघ ने बद्दी–नालागढ़ फोरलेन परियोजना की धीमी गति पर चिंता जताते हुए कहा कि टेंडर खोलने की तारीख कई बार आगे बढ़ाई जा चुकी है। अधूरे कार्य के कारण प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे जान-माल का नुकसान हो रहा है।

बैठक में महासचिव कैलाश राणा, बक्शी राम, दिलेले सिंह, मनसा राम, यशपाल रनोट, प्रो. रणजोध सिंह, लाजवंती, निर्मल पुरी, तीर्थ चंद, प्रेम चंद, राजिंद्र शर्मा, राम चंद, राम नरेश गुप्ता, हरदित सिंह, ठाकुर सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।