/स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर बद्दी पुलिस का विशेष अभियान, 53 बसों की जांच – 11 चालान

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर बद्दी पुलिस का विशेष अभियान, 53 बसों की जांच – 11 चालान


BBN क्षेत्र में स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा, नियमों की अनदेखी पर सख्त कार्रवाई

बद्दी, 5 फरवरी ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बद्दी पुलिस ने आज पूरे BBN क्षेत्र (बद्दी–बरोटीवाला–नालागढ़) में विशेष सुरक्षा अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक बद्दी के दिशा-निर्देशों पर संचालित किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर कुल 53 स्कूल बसों की मौके पर जांच की। जांच के दौरान बसों में सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, सड़क सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों के पालन का बारीकी से निरीक्षण किया गया।

चेकिंग के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 11 चालान किए गए।
इनमें
बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट – 01 चालान
निर्धारित वर्दी के बिना वाहन चलाने पर – 02 चालान
बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चलाने पर – 08 चालान शामिल हैं।

एसपी बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल जुर्माना लगाने के लिए नहीं बल्कि स्कूल प्रबंधन, बस संचालकों और चालकों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाया गया है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में भी पूरे क्षेत्र में इस प्रकार की चेकिंग लगातार जारी रहेगी, ताकि बच्चों की सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित की जा सके।