/बीबीएन में अवैध शराब पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई

बीबीएन में अवैध शराब पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई

पंखवाला की एक दुकान से भारी मात्रा में मदिरा बरामद।

बीबीएन, 6 फरवरी,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

हिमाचल के राजस्व जिला बीबीएन के उपायुक्त आबकारी विनीत सिंह डोगरा ने बताया कि बद्दी तहसील के गांव पंखावाला में अवैध मदिरा की खरीद-फरोख्त संबंधी गुप्त सूचना मिलने पर आबकारी विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक दुकान से अवैध शराब की बड़ी खेप को बरामद की है।

यह जान कारी देते हुए विनीत सिंह डोगरा ने बताया कि सहायक आयुक्त आबकारी लाल चंद के नेतृत्व में गठित टीम ने पंचायत पंखावाला स्थित एक दुकान पर छापामारी की।इस छापेमारी के दौरान मौके से 87.375 बल्क लीटर देशी शराब तथा 3.900 लीटर बीयर बरामद की गई।

उन्होंने बताया कि जांच में यह मदिरा हिमाचल प्रदेश में विक्रय हेतु निर्धारित पाई गई, जिसके आधार पर दुकानदार के विरुद्ध हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 की धारा 39 के तहत मामला दर्ज किया गया।

उपायुक्त आबकारी ने बताया कि पंखावाला क्षेत्र के कुछ और लोगों के अवैध शराब कारोबार में संलिप्त होने की सूचना भी विभाग के संज्ञान में आई है, जिनके विरुद्ध शीघ्र कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष के दौरान अब तक 96 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें 1102.480 बल्क लीटर देशी शराब, 342.270 लीटर अंग्रेजी शराब तथा 237.828 लीटर बीयर जब्त की गई है। इन मामलों में 14.42 लाख रुपये जुर्माना वसूल किया जा चुका है।

आबकारी विभाग ने आम जनता से अपील की है कि मदिरा केवल लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही खरीदें।
मदिरा की वैधता की जांच आबकारी विभाग की HPEMS ऐप के माध्यम से बोतल पर लगे होलोग्राम को स्कैन कर की जा सकती है। अवैध शराब की सूचना 01795-271212 पर दी जा सकती है, शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।