/राजस्थान से उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार, सोलन पुलिस की बड़ी कार्रवाई।

राजस्थान से उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार, सोलन पुलिस की बड़ी कार्रवाई।

सोलन 8 फरवरी,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा

उद्घोषित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोलन पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

पुलिस थाना धर्मपुर की टीम ने माननीय न्यायालय द्वारा उद्घोषित अपराधी घोषित किए गए एक आरोपी को अंतर्राज्यीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए राजस्थान से गिरफ्तार किया है।


पुलिस के अनुसार, थाना धर्मपुर में तैनात पुलिस कर्मियों द्वारा प्रस्तुत आमद रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई अमल में लाई गई। माननीय उप-मंडल पुलिस अधिकारी परवाणु के निर्देशन में गठित टीम आरोपी की तलाश में विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही थी।

तलाश के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी दिला राम पुत्र श्री लच्छी राम, निवासी गांव मैणू, डाकघर पारनू, तहसील अर्की, जिला सोलन (हि.प्र.) को दिनांक 07 फरवरी 2026 को राजस्थान के जिला दौसा क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को माननीय न्यायालय ACJM कसौली द्वारा 01 दिसंबर 2025 को पुनः उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। वह न्यायालय में विचाराधीन मामले के दौरान निर्धारित तिथियों पर लगातार अनुपस्थित रहा और गिरफ्तारी से बचने के लिए लंबे समय से फरार चल रहा था।

इस कारण उसने न्यायालय द्वारा निर्धारित जमानत मुचलकों की शर्तों का उल्लंघन किया।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अन्य जिलों में भी इसी प्रकार के मामलों में वांछित है। इस संबंध में संबंधित पुलिस इकाइयों से समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 209 व 269 के तहत थाना धर्मपुर में FIR नंबर 40/26 दिनांक 08.02.2026 दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच विधि सम्मत तरीके से जारी है।

सोलन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने वाले उद्घोषित अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूर्णतः प्रतिबद्ध है।