नालागढ़ 15 फ़रवरी,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
औद्योगिक नगरी बीबीएन में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज पुलिस चौकी दभोटा की टीम ने गांव भांगला, लक्ष्मी ईंट भट्टा के समीप अवैध खनन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार अवैध खनन करते हुए जसविन्द्र सिंह निवासी गांव रतयोड, डाकघर धबोटा, तहसील नालागढ़ जिला सोलन तथा उसके साथी सोनू को मौके पर गिरफ्तार किया गया।

इस दौरान अवैध उत्खनन और परिवहन में प्रयुक्त जेसीबी (HP-72C-6670) और टिप्पर (HP-12S-7082) को खनिज मिट्टी सहित कब्जे में ले लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और खनन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




