सोलन(धर्मपुर), 03 मार्च ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल के सोलन जिला पुलिस की एसआईयू (Special Investigation Unit) टीम ने थाना धर्मपुर क्षेत्र में नशा तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 8.49 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त एवं अपराधों की रोकथाम हेतु तैनात थी। इसी दौरान प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर सनवारा टोल प्लाजा के समीप नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान चंडीगढ़ से सोलन की ओर आ रही एक बलेनो कार को जांच के लिए रोका गया।

वाहन की विधिवत तलाशी लेने पर उसमें सवार दो युवकों के कब्जे से 8.49 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। बरामदगी के उपरांत दोनों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में थाना धर्मपुर में FIR नं. 51/2026 के तहत NDPS Act की धारा 21 एवं 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मामले में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को आज दिनांक 03 मार्च 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस द्वारा आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।











