शिमला, 9 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) शिमला में सोमवार को दो छात्र गुटों के बीच हुए झगड़े के दौरान चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है।
मिली जानकारी के मुताबिक घटना में एक छात्र घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए IGMC शिमला भेजा गया है। पुलिस ने आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 09 मार्च 2026 को थाना बालूगंज में दूरभाष के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि HPU की लॉ फैकल्टी के पास दो छात्र गुटों के बीच झगड़ा हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
मामले में मुकेश कुमार (24 वर्ष), निवासी तीसा, जिला चंबा के बयान दर्ज किए गए। शिकायतकर्ता के अनुसार दोपहर करीब 1:30 बजे वह अपने साथियों योगराज, धनराज और अमन कुमार के साथ लॉ फैकल्टी के प्रांगण में खड़ा था। इसी दौरान मोहित डोगरा वहां आया और अचानक तेजधार चाकू निकालकर उन्हें धमकाने लगा।
इस दौरान आरोपी ने धनराज पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया और उसके पेट से खून बहने लगा।
घायल छात्र को तुरंत उपचार के लिए IGMC शिमला ले जाया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
इस मामले में पुलिस ने अभियोग संख्या 40/2026 दिनांक 09.03.2026 के तहत धारा 109 व 351(3) BNS के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने आरोपी मोहित डोगरा (26 वर्ष) पुत्र सुभाष डोगरा, निवासी गांव छत्तर, डाकघर जुगाहन, तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी (हिमाचल प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी HPU में लॉ का प्रथम सेमेस्टर का छात्र बताया जा रहा है।
पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच जारी है।







