सोलन, 11 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
जिला पुलिस की एसआईयू (SIU) टीम ने पुलिस थाना धर्मपुर के क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट डिजायर कार से 19.68 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 10/11 मार्च 2026 की रात एसआईयू टीम ने धर्मपुर क्षेत्र में नाका लगाकर संदिग्ध वाहनों की जांच की। इस दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर कार में सवार दो युवकों के कब्जे से 19.68 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ।

पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में पुलिस थाना धर्मपुर में FIR संख्या 52/2026 के तहत धारा 21 व 29 NDPS Act के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। घटना में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर पुलिस कब्जे में ले लिया गया है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों के साथ एक तीसरा युवक भी मौजूद था, जो पुलिस को देखकर गाड़ी रुकते ही रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आज 11 मार्च 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।









