/चिड़गांव के दो नाबालिग घर से गए थे लापता, पुलिस ने सुरक्षित किया दस्तयाब

चिड़गांव के दो नाबालिग घर से गए थे लापता, पुलिस ने सुरक्षित किया दस्तयाब

शिमला, 13 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा

हिमाचल के जिला शिमला के चिड़गांव क्षेत्र से बिना बताए घर से गए दो नाबालिग बच्चों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित दस्तयाब कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 मार्च 2026 को श्रीमती हीरामणी तथा श्रीमती रजना, दोनों निवासी चिड़गांव जिला शिमला, ने थाना में शिकायत दी कि उनके पुत्र अक्षु (16 वर्ष) और आशीष (16 वर्ष) बिना किसी को बताए घर से कहीं चले गए हैं। बच्चों के अचानक घर से गायब होने से परिवार के लोग काफी चिंतित थे।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया और संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सूचना मिली कि दोनों बच्चे गांव खनोला, डाकघर समरकोट, तहसील रोहड़ू में अपने एक रिश्तेदार के घर पर मौजूद हैं।

इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों नाबालिगों को सुरक्षित दस्तयाब किया और उन्हें उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। बच्चों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।