/“पंजाब से शिमला तक फैला चिट्टा नेटवर्क बेनकाब ”

“पंजाब से शिमला तक फैला चिट्टा नेटवर्क बेनकाब ”

कुख्यात तस्कर डेविड पुलिस रिमांड पर

शिमला 24 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

हिमाचल की जिला पुलिस शिमला को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है।

अंतरराज्यीय चिट्टा सप्लाई नेटवर्क के मुख्य सरगना विजय बिहारी उर्फ डेविड को अब पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।

यह कार्रवाई प्रदेश में फैल रहे नशे के जाल को तोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

यह जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि, आरोपी डेविड को हाल ही में पंजाब से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद जिला शिमला के विभिन्न थानों—ठियोग, रामपुर और कुमारसैन—में दर्ज मामलों की जांच के लिए उसे कस्टडी ट्रांसफर के माध्यम से बालूगंज थाना पुलिस के रिमांड पर लिया गया है।

मामले की शुरुआत 08 फरवरी 2026 को हुई, जब एक गुप्त सूचना के आधार पर आईएसबीटी शिमला में पुलिस टीम ने दो व्यक्तियों—राहुल (निवासी जुब्बल) और विशाल वर्मा (निवासी ठियोग)—को गिरफ्तार किया।

इनके कब्जे से 30.700 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। इस संबंध में थाना बालूगंज में NDPS एक्ट की धारा 21 के तहत मुकदमा संख्या 22/2026 दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने बरामद नशे का बैकवर्ड लिंक स्थापित करते हुए पाया कि दोनों आरोपियों ने यह चिट्टा पंजाब के जीरकपुर से “डेविड” नामक तस्कर से खरीदा था।

इसके बाद 23 मार्च 2026 को पुलिस ने आरोपी विजय बिहारी उर्फ डेविड (निवासी अंबाला कैंट, हरियाणा, उम्र 28 वर्ष) को माननीय अदालत से प्रोडक्शन वारंट व कस्टडी ट्रांसफर के जरिए 3 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया।

पुलिस रिमांड के दौरान की जा रही जांच में मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), बैंक लेन-देन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से संपर्क कर अंतरराज्यीय स्तर पर चिट्टा सप्लाई का नेटवर्क चला रहा था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है और उससे जुड़े अन्य सप्लायरों व नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है।

जिला पुलिस शिमला ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।